शाहजहांपुर। घने कोहरे के दौरान सोमवार को दाे अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बालिका और किशोरी समेत सात लोग घायल हो गए। जलालाबाद क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और बंडा-देवकली मार्ग पर एक बाइक सवार सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा गया। ई-रिक्शा पलटने से गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को जलालाबाद सीएचसी से राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर किया गया है।
जलालाबाद। चौक मनोरथपुर के जितिन अपने ई-रिक्शा से सुबह करीब आठ बजे गांव के ही अनुराग, अनिल सिंह की पुत्री लक्ष्मी, और सुदामा की बेटी दीपा को लेकर जलालाबाद आ रहे थे। रास्ते में अकाखेड़ा गांव के राजीव और महारम भी जलालाबाद आने के लिए ई-रिक्शा पर बैठ गए। बुधुआना मार्ग पर ई-रिक्शा सरायसाधौ के पास पहुंचा कि इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक ई-रिक्शा से टकरा गया।
टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गया और उस पर सवार लोग घायल हाे गए। इस बीच, ट्रक को मौके पर छोड़कर उसका चालक भाग गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से राजीव और लक्ष्मी देवी को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक राजीव तोमर ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर उसके चालक की तलाश की जा रही है।
देवकली। गांव के संजीव वाजपेयी बंडा के कृष्णानंद इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। रोजाना की तरह वह सोमवार को सुबह करीब नौ बजे बाइक से काॅलेज जाने के लिए घर से निकले। उस वक्त घना कोहरा छाया हुआ था। रास्ते में नारायनपुर गंगा गांव के पास कोहरे की वजह से वह सामने से आ रही स्कूल बस देख नहीं सके और उससे उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज हो रहा है।
-
दो सड़क हादसों में तीन लोग घायल
खुटार। दो सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। घायलों का सीएचएसी पर इलाज चल रहा है।
गांव खड़सार निवासी जगदीश किसी काम से खुटार-बंडा रोड पर गांव खमरिया गदियाना के पास गए थे। वहां उनकी और गांव पिपरिया भागवंत के मोहित की बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 सेवा की एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। एक अन्य हादसे में खुटार-पूरनपुर रोड पर तिकुनिया चौराहे के पास गांव गुरघिया निवासी श्रीराम की बाइक और ई-रिक्शा टकरा गया। हादसे में घायल श्रीराम को सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। डॉक्टर ने घायलों की हालत ठीक बताई है। श्रीराम हेलमेट नहीं लगाए थे। संवाद
घायल दीपा
घायल दीपा