जलालाबाद में फर्रुखाबाद बरेली हाइवे के किनारे नाले पर अतिक्रमण कर लगी दुकानें। संवाद
जलालाबाद। नगर पालिका परिषद ने बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे के किनारे स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण करने वाले लगभग 125 से अधिक दुकानदारों और पटरी विक्रेताओं को नोटिस जारी किए हैं। उन्हें अपने कब्जे खुद हटा लेने के लिए सात दिन की मोहलत दी गई है।
हाईवे का चौड़ीकरण करने वाली कंपनी ने सड़क के दोनों ओर नया नाला बनाया था, जबकि उसके पीछे नगर पालिका का नाला पहले से ही है। दुकानदारों ने नए नाले को सीमा मान ली। पुराने नाले के आगे तक कब्जा कर लिया। फल, चाट व मिठाई आदि के ठेले खड़े होने से कई ई रिक्शा चालक भी वहीं खड़े होकर सवारियां बैठाते और उतारते हैं।
इससे हाईवे पर चलने वाले लंबी दूरी के वाहनों के निकलने के लिए जगह नहीं बचती। नतीजतन, हाईवे पर कोला मोड़ से याकूबपुर तिराहा होकर नगर के मुख्य चौराहे के आगे तक करीब एक किमी की दूरी के बीच हर समय जाम लगा रहता है। इससे उत्तराखंड से लेकर मध्य प्रदेश व राजस्थान प्रांत तक सरकारी बसें व अन्य निजी वाहन भी निकलते हैं।
कुछ दिन पहले एसडीएम ने व्यापारियों के साथ बैठक कर हाईवे के किनारे से अवैध कब्जे स्वयं हटाने के लिए कहा था, लेकिन अतिक्रमण कायम रहा। जारी नोटिस में कहा गया है कि हाईवे के नाले पर हुए कब्जे सात दिन में नहीं हटाने पर अतिक्रमण को बलपूर्वक हटाकर संबंधितों से भू राजस्व की तरह जुर्माना व हर्जाना वसूल किया जाएगा।
ईओ एचएन उपाध्याय ने बताया कि खंडहर मार्ग व तहसील रोड के अतिक्रमणकारियों को भी जल्द नोटिस जारी किए जाएंगे।