शाहजहांपुर में गुरुवार को सात नए मामले आने से जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या नौ पहुंच गई है। चौक कोतवाली क्षेत्र में माता-पिता और उनके दो बच्चे अमेरिका से अपने रिश्तेदार के घर आए थे। बच्चों को स्वास्थ्य सबंधी समस्या होने पर उनकी आरटीपीसीआर कराई गई। इसमें दोनों बच्चे कोरोना संक्रमित निकले। पूरे परिवार की जांच कराई गई तो रिश्तेदार के परिवार के दो अन्य सदस्य भी संक्रमित मिले।
वहीं दो संक्रमित ददरौल के अलग-अलग गांव के रहने वाले हैँ। चौक कोतवाली का एक युवक भी जांच में कोरोना संक्रमित निकला है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी को जरूरी सलाह देकर होम आइसोलेट कर दिया है। सभी के सैंपल ओमिक्रॉन वैरिएंट की जांच के लिए लखनऊ की लैब में भेजे जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी को होम आइसोलेट कर दिया है। बुधवार को विदेश से लौटे दो लोग कोरोना संक्रमित निकले थे। इस तरह अब एक्टिव केस की संख्या नौ हो गई है। कुछ दिन पहले सदर क्षेत्र का एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला था जो अब ठीक हो गया है। इस तरह एक महीने में लगभग दस लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं।