गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार की शाम शहर में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, होटलाें और धर्मशालाओं की चेकिंग की गई। चेकिंग में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई।
शनिवार की शाम चार बजे से चलाए गए चेकिंग अभियान में स्टेशन रोड पर बने सभी होटलों, रेलवे स्टेशन परिसर में सभी यात्रियों के सामान की सघन तलाशी ली गई। स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर डॉग स्क्वायड की मदद से चेकिंग की गई। इसके साथ ही रोडवेज ओवरब्रिज, टाउनहाल रोड, मैजिस्टक टॉकीज रोड पर बने होटलों में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। शक होने पर उनकी तलाशी भी ली गई। चार घंटे चले सघन चेकिंग अभियान में पुलिस ने पूरी मुश्तैदी से छानबीन की। थाना सदर बाजार पुलिस ने करीब 20 शराबियों और एक व्यक्ति को गांजा के साथ पकड़ा। वहीं कोतवाली पुलिस ने चार शराबियों को पकड़ा है। इसके साथ ही बाइक चेकिंग के 13 लोगों को चालान किया गया।
इसके अलावा चेकिंग अभियान में तेल टंकी रोड पर गुरुद्वारे के पास थाना सदर बाजार पुलिस ने चार युवकों एक तमंचा, पांच कारतूस और एक हुक्का के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक चारों युवक किसी वारदात करने की फिराक में थे।
रेलवे स्टेशन पर हुई सघन चेकिंग
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए शनिवार को जीआरपी, आरपीएफ इंस्पेक्टर के साथ थाना पुलिस ने डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर को लेकर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था चेक की। साथ ही यात्रियों के बैग एवं अन्य सामान को डाग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से चेक किया गया। जीआरपी ने सभी प्लेटफार्म के साथ ही मेन गेट, वाहन स्टैंड, टिकट काउंटर आदि सभी स्थानों पर चेकिंग की गई। चेकिंग में जीआरपी इंस्पेक्टर डीके उपाध्याय, आरपीएफ इंस्पेक्टर एसपी सिंह सहित कई सब इंस्पेक्टर शामिल रहे।