गांव बहादुरपुर बुजुर्ग के गन्ना क्रय केंद्र पर शनिवार को किसानों ने जमकर हंगामा काटा। किसानों का आरोप था कि घटतौली रोकने के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचता। शनिवार को भी किसानों ने घटतौली पकड़े जाने की अधिकारियों को सूचना दी, काफी देर के हंगामे के बाद निगोही मिल के अधिकारियों ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
शनिवार को गांव बहादुरपुर निवासी किसान सुधीर कुमार धर्मकांटे पर ट्राली तुलवाने के बाद सेंटर पर पहुंचे। धर्मकांटे पर ट्राली का वजन 62.15 क्विंटल था, लेकिन सेंटर के कांटे पर ट्राली का वजन 58 क्विंटल बताया गया। इस पर उन्होंने धर्मकांटे की पर्ची दिखाते हुए सेंटर इंचार्ज पर घटतौली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सेंटर पर गन्ना लेकर आए तमाम किसान भी इंचार्ज पर आरोप लगाकर हंगामा करने लगे और तोल बंद करा दी।
इसके बाद किसानों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए कई प्रशासनिक और मिल अधिकारियों को जानकारी दी, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। दो घंटे तक तोल बंद रही। बाद में निगोही मिल से अधिकारी मौके पर पहुंचे और कांटा सही कराकर मामले को शांत कराया। प्रदर्शन के दौरान सुशील सिंह वीरेंद सिंह, सनी सिंह, जागीर सिंह, मक्खन सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे। उधर सेंटर इंचार्ज वीरेंद्र कुमार सिंह ने घटतौली के आरोप को निराधार बताया है। उनका कहना है कि दो कांटो की तोल में अंतर आ जाता है।