शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला रोशनगंज निवासी डॉ. विश्वास पांडेय का चयन शिकागो (अमेरिका) की फर्मी लैब की न्यूट्रीनो डिवीजन में एसोसिएट साइंटिस्ट के पद पर हुआ है। उनकी नियुक्ति पर पांडेय परिवार को बधाई मिल रही हैं। डॉ. विश्वास विश्व को ब्रह्मांड का हाल बताएंगे।
उच्च न्यायालय इलाहाबाद के पूर्व राज्य विधि अधिकारी व सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बृजेश पांडेय के सबसे छोटे बेटे डॉ. विश्वास पांडेय ने उपलब्धि हासिल की है। बृजेश पांडेय ने बताया कि इस वर्ष में लैब में सिर्फ दो वैज्ञानिकों की नियुक्ति हुई है। इसमें भारत से डॉ. विश्वास ने देश का गौरव बढ़ाया है।
बताया कि फर्मी लैब अमेरिका की विश्व प्रसिद्ध पार्टिकल फिजिक्स लैब है। इसका उद्देश्य पदार्थ, ऊर्जा, स्थान और समय के वैज्ञानिक रहस्यों का शोध ब्रह्मांड के रहस्यों को सुझलाना और विज्ञान के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करना है। विश्वास पांडेय का शोध ब्रह्मांड के रहस्यों को वैज्ञानिक तौर पर उजागर करना है। साथ ही न्यूट्रीनो नामक पार्टिकल पर शोध करके ब्रह्मांड के मौलिक रहस्यों को सुलझाना है।
उन्होंने बताया कि न्यूट्रिनो आइसोलेशन फिजिक्स की शोध में अमेरिका फर्मी लैब विश्व की सर्वश्रेष्ठ लैब है, जो इस क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व कर रही है। विश्वास की सफलता पर बड़े भाई डॉ. विकास पांडेय, डॉ. विशाल पांडेय, माता कुसुम पांडेय, बहन एडवोकेट वंदना शंखर, अराधना, शिक्षक नेता संतोष पांडेय, एसएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनुराग अग्रवाल आदि ने खुशी जताई है।