शाहजहांपुर। शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) क्षेत्र में बगैर नक्शा पास कराए आवास का निर्माण करने वालों के विरुद्ध शिकंजा कसना शुरू हो गया है। अब तक आठ लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए हैं। आवेदन आ रहे हैं, लेकिन टाउन प्लानर की तैनाती न होने से सुनियोजित विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। प्राधिकरण का कार्य शुरू होने के बाद से करीब तीन माह में अब तक कुल तीन नक्शे ही पास किए जा सके हैं।
एसडीए के कार्यालय का शुभारंभ होने के बाद अगस्त के प्रथम सप्ताह में आवासीय भवनों के निर्माण के लिए नक्शा पास कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। करीब तीन माह में अब तक मात्र तीन नक्शे ही पास हो सके हैं। 40 से अधिक नक्शे पास कराने की प्रक्रिया में लंबित हैं। टाउन प्लानर की तैनाती नहीं हो पाना, इसकी वजह बताई जा रही है।
विकास प्राधिकरण में टाउन प्लानर का मुख्य कार्य शहरी क्षेत्रों में सुनियोजित विकास के लिए योजनाएं बनाना, भूमि उपयोग का विश्लेषण करना और जोनिंग नियमों को विकसित करना होता है। टाउन प्लानर की तैनाती न होने से विकास कार्याें पर फर्क पड़ रहा है।
दो अवर अभियंता पर है पूरे प्राधिकरण क्षेत्र की जिम्मेदारी
एसडीए के पास वर्तमान में दो अवर अभियंता हैं। इनके ऊपर पूरे नगर निगम क्षेत्र की जिम्मेदारी है। आवेदन आने पर जेई मौके पर निरीक्षण करने जातेे हैं। सब कुछ सही पाए जाने पर उनको तीन दिन में प्राधिकरण कार्यालय में रिपोर्ट सौंपनी होती है। अगर कोई आपत्ति नहीं है तो 15 दिन के अंदर नक्शा पास कर दिया जाता है। इसके साथ ही अवर अभियंता क्षेत्रों में भ्रमण करते हैं। कहीं अवैध निर्माण हो रहा हो तो इसकी जांच कराई जाती है। बगैर नक्शा के नगर निगम क्षेत्र में कोई निर्माण नहीं कराया जा सकता है। आवासीय और व्यावसायिक भवनों का नक्शा कराने का शुल्क प्रति वर्ग मीटर 628 रुपये है। इसमें परीक्षण व अन्य शुल्क मिलाकर प्रतिवर्ग मीटर करीब 800 रुपये से अधिक है।
नौ आर्किटेक्ट और इंजीनियर का किया गया है पंजीकरण
एसडीए में ऑनलाइन आवेदन कराने के लिए विभाग की ओर से नौ आर्किटेक्ट और इंजीनियर पंजीकृत किए गए हैं। इनके माध्यम से ही लोग अपना आवेदन करा सकते हैं। निजी और व्यावसायिक भवन के नक्शे इनके माध्यम से पंजीकृत किए जाएंगे। आवासीय भवन के लिए जमीन के दस्तावेज, आवेदनकर्ता की आईडी जरूरी है, जबकि व्यावसायिक भवन के लिए व्यापारी का निवेश मित्र पोर्टल में पंजीकरण होना जरूरी है। आर्किटेक्ट और इंजीनियर के माध्यम से आवेदन होगा। आवेदन के 15 दिन में रिपोर्ट आना अनिवार्य है।
टाउन प्लानर की तैनाती के लिए कमिश्नर स्तर से पत्र जारी हो गया है। जल्द ही टाउन प्लानर की तैनाती हो जाएगी। इसके साथ ही नक्शा बनाने के कार्य में तेजी आएगी। अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीए सचिव