शाहजहांपुर। बिजली बिलों की वसूली में पिछड़ रहे चिनौर विद्युत वितरण खंड में राजस्व वसूली के लिए शुक्रवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। बरेली से आए मुख्य अभियंता मनीष गुप्ता ने निगोही और शाहबाजनगर क्षेत्र में टीम के साथ फील्ड में उतरकर बकायेदारों के कनेक्शन चेक कराए। इस दौरान बकाया बिल जमा कराने के साथ कई कनेक्शन काटे गए। अभियान में कुल 1.33 करोड़ रुपये का राजस्व जमा कराया गया।
अधीक्षण अभियंता अनु प्रताप सिंह ने बताया कि चिनौर डिवीजन में राजस्व वसूली की स्थिति सुधारने के लिए बड़े बकायेदारों की टॉप-20 सूची निकाली गई थी। मुख्य अभियंता इसी अभियान की प्रगति देखने पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर टीमों की कार्रवाई देखी। चेकिंग के दौरान कर्मचारियों को विरोध का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता बलदेव सिंह पर 1,04,957 रुपये बकाया था। उन्होंने 50 प्रतिशत राशि जमा कर दी। राशिद हसन ने 39 हजार रुपये का पूरा बकाया जमा किया। निशा ने 15,604 रुपये जमा किए, जबकि साजिद और स्वर्ण सिंह ने 97-97 हजार रुपये के बकाये का आधा भुगतान किया।
तीन लाख रुपये के बकाये पर एक उपभोक्ता का कनेक्शन काटा गया। वहीं, नसरीन पर दो लाख रुपये बकाया होने के बावजूद पूर्व में कनेक्शन कटने के बाद वह स्मार्ट मीटर से सीधे बिजली इस्तेमाल करती मिलीं। एसई ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। 19 लाख रुपये के बकाये पर इंडस्ट्रीज का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया।