फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर बृहस्पतिवार रात मदनापुर क्षेत्र में स्कार्पियो के ट्रक से भिड़ जाने पर दो ट्रांसपोर्टर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। टक्कर से स्कार्पियो के परखचे उड़ गए। और उसमें फंसे शवों को क्रेन मंगवाकर बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिए गए।
फर्रुखाबाद के कस्बा फतेहगढ़ के मोहल्ला भूसा मंडी निवासी जिला पंचायत सदस्य विजय सोमवंशी के पिता 74 वर्षीय राजपाल ट्रांसपोर्ट का काम करते थे। उनके साथी फतेहगढ़ में बेबर रोड भोलेपुर निवासी 70 वर्षीय दिनेश चंद्र भी ट्रांसपोर्टर थे। बृहस्पतिवार को उनका दस टायरा ट्रक लालकुआं से मौरंग लेकर चला था। उत्तराखंड के किच्छा थाना क्षेत्र में पुल भट्ठा के पास आरटीओ ने ट्रक को ओवरलोडिंग के आरोप में पकड़कर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया था। राजपाल और दिनेश ट्रक छुड़वाने के लिए मोहल्ला जाफरी निवासी ड्राइवर 35 वर्षीय गौरव सक्सेना को लेकर स्कार्पियो से किच्छा गए थे। वहां से तीनाें लोग लौट रहे थे। बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे स्कार्पियो जब मदनापुर थाना क्षेत्र में सलेमपुर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ गई। हादसे में स्कार्पियो में सवार दोनों ट्रांसपोर्टर राजपाल और दिनेश के अलावा ड्राइवर गौरव की मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर हादसे के बाद भाग गया। सूचना पर एसओ मदनापुर रजी अहमद पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। ट्रक की टक्कर से स्कार्पियो के परखचे उड़ गए थे। उसमें तीनों शव फंसे हुए थे। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों के रोड पर खड़े होने से यातायात भी प्रभावित हो गया। पुलिस ने एक क्रेन तिलहर और दूसरी शाहजहांपुर से मंगवाई। इसके बाद क्षतिग्रस्त स्कार्पियो से तीनों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।