शाहजहांपुर। रविवार सुबह तेज हवा के साथ एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई तो मौसम सुहावना हो गया। इस दौरान 27 मिमी बारिश दर्ज की गई। दोपहर में बादल छटे तो तेज धूप हो गई। इसके बाद तो लोगों का उमस भरी गर्मी से जीना मुहाल हो गया। रविवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़कर 34.3 डिग्री सेल्सियस हो गया।
मौसम विशेषज्ञों के बैरोमीटर रीडिंग पर आधारित पूर्वानुमान के मुताबिक देर रात से बादल फिर गहराने लगे और आधी रात के बाद से बूंदाबांदी होने लगी। तेज हवा से कमरों की खिड़कियों के दरवाजे टकराए तो नींद खुलने पर लोगों को झमाझम बारिश होती दिखी। हालांकि, पौ फटने से पहले तक बारिश थम गई, लेकिन 18 से 20 किमी प्रति घंटे की गति से हवा का बहाव बना रहने से दिन में आठ बजे के बाद बादल हल्के पड़ने लगे।
एक घंटे बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से फिर काली घटाएं उठीं, लेकिन उन्हें हवा उड़ा ले गई और धूप निकली तो जन सामान्य को उमस भरी गर्मी बेचैन करने लगी। धूप की वजह से वातावरण में घुली 26 फीसदी नमी वाष्प बनकर उड़ गई। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार बीते दिन बैरोमीटर सूचकांक में आई 70 अंक की गिरावट के कारण रात में आंधी जैसी तेज हवा के साथ भारी वर्षा हो गई। उन्होंने बताया कि रविवार को बैरोमीटर की रीडिंग में 20 अंक के उछाल को देखे सोमवार को सुबह से हल्के बादल छाए रहेंगे और शाम तक बारिश के बजाय मामूली बूंदाबांदी होने के संकेत हैं।