शाहजहांपुर। जिले के स्कूलों के कपाट मंगलवार को बच्चाें के लिए खोल दिए जाएंगे। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में बच्चों का रोली-अक्षत का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए स्कूल चलो रैली निकाली जाएगी। इसके लिए सीडीओ ने ड्यूटी भी लगा दी है।
16 जून से स्कूल खोल दिए गए थे। इनमें सिर्फ शिक्षकों के आने के निर्देश दिए गए थे। गर्मी के कारण बच्चों को एक जुलाई से स्कूल आने के लिए निर्देश दिए गए थे। मंगलवार से खुलने वाले स्कूलों को देखते हुए पूरे दिन विद्यालयों में तैयारियाें को पूरा किया गया। कक्षाओं को खोलकर सफाई कराने के साथ ही सीटों को डलवा दिया गया। सरकारी व निजी स्कूलों में पूरे दिन तैयारी चलती रही।
दूसरी ओर सीडीओ डॉ.अपराजिता सिंह ने स्कूल खुलने पर स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के लिए निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्कूल आने वाले छात्र-छात्राकों का तिलक लगाकर स्वागत करने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह गांवों में स्कूल चलो अभियान को लेकर 250 अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी है।