पुवायां के राजीव चौक पर जाम में फंसे स्कूली वाहन। संवाद
पुवायां। पिंक बूथ पर और राजीव चौक पर ड्यूटी से पुलिसकर्मियों के नदारद रहने के कारण मंगलवार दोपहर पुवायां के मुख्य चौराहे राजीव चौक पर जाम लग गया। जाम में स्कूलों के वाहन भी फंस गए। इससे बच्चों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजीव चौक पर पिंक बूथ है, लेकिन यहां तैनात पुलिसकर्मी कभी भी बूथ पर नहीं बैठते हैं। राजीव चौक पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ही थाने से भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है, लेकिन पुलिसकर्मी चौराहे पर मौजूद न रहकर इधर-उधर चले जाते हैं।
वाहन चालकों के चौराहा क्रास करने की जल्दबाजी के चलते राजीव चौक पर अक्सर जाम लग जाता है। मंगलवार दिन में लगभग दो बजे चौराहे पर जाम लग गया। गन्ने भरे ट्रक और अन्य वाहनों के कारण जाम बढ़ता चला गया और स्कूलों से छुट्टी के बाद कई स्कूल वाहन भी जाम में फंस गए। काफी देर बाद पुलिसकर्मी माैके पर पहुंचे और जाम खुलवाकर वाहनों को निकलवाया।
ई-रिक्शा और डग्गामार वाहन चालक भी बन रहे जाम का कारण
राजीव चौक के आसपास चालक आधा हाईवे घेरकर ई-रिक्शा खड़े कर देते हैं। इस कारण वाहनों के निकलने में समस्या होती है और जाम लग जाता है। पुलिस के आने पर ई-रिक्शा चालक मौके से खिसक लेते हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर हाईवे घेरकर खड़े हो जाते हैं।
राजीव चौक पर ट्रैफिक पुलिस और थाने से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। पुलिसकर्मी राजीव चौक पर क्यों नहीं गए, इसकी जानकारी कराई जाएगी।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां