तिलहर। दहेज उत्पीड़न के दर्ज मुकदमे की सुनवाई तारीख पर आए ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके में रह रहीं नगर की मधुबन काॅलोनी निवासी पूजा शर्मा को समझौता करने से इन्कार करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। उन्होंने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पूजा शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी मुरादाबाद के गांव खबरिया निवासी एक युवक के साथ हुई है। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मायके से दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। इससे परेशान होकर तिलहर न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया। 14 जनवरी को मुकदमे में ससुराल पक्ष के बयान होने थे। न्यायालय की कार्यवाही के बाद पति, ससुर और दो अन्य लोग पड़ोस में रहने वाले उनके फूफा राजाराम के मकान पर पहुंच गए।
पूजा का आरोप है कि वहां पति समेत साथ आए लोगाें ने मुकदमे में राजीनामा बनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर चारों लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि महिला ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।