जैतीपुर/मीरानपुर कटरा। गढि़या रंगीन-दातागंज मार्ग पर बच्चों से भरी वैन की धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। हादसे में वैन में सवार दो छात्र घायल हो गए। एक छात्र की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर किया गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने बमुश्किल बच्चों को निकाला। पुलिस वैन के चालक की तलाश कर रही है।
मीरानपुर कटरा में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित राममुरारी पब्लिक स्कूल के छात्रों को लेकर वैन चालक सुनील आ रहे थे। वैन में नौ छात्र बताए जा रहे हैं। गढ़ियारंगीन-दातागंज मार्ग पर प्रधान फिलिंग स्टेशन के सामने मीरानपुर कटरा से बदायूं के लिए धान लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की सामने से आ रही वैन से टक्कर लग गई। टक्कर से स्कूली वैन का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान छात्र वैन में फंस गए थे। उन्हें बमुश्किल बाहर निकाला गया।
हादसे में स्कूल वैन में सवार ग्राम रसेवन निवासी अमर सिंह का 11 वर्षीय पुत्र देव कुमार राठौर व ग्राम कुनिया बिहारीपुर निवासी राजीव कुमार सिंह के आठ वर्षीय पुत्र अंश प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे प्रधानाचार्य लवलेश दत्त ने छात्रों को सीएचसी कटरा में लेकर पहुंचे। इसमें देव कुमार राठौर की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को हिरासत में ले लिया। वैन चालक मौके से भाग गया। सीओ तिलहर अमित चौरसिया ने निरीक्षण किया।
-
जल्दबाजी में हुआ हादसा, आठ बजे था स्कूल का समय
-स्कूल वैन में देव राठौर, अंश प्रताप सिंह, दिव्या सिंह, मिष्ठी, लक्ष्मी सिंह, नित्या सिंह, अभि राठौर, मंदीप सिंह आदि सवार थे। स्कूल का समय सुबह आठ बजे का था। ग्रामीण इलाकों से बच्चों को लाने के दौरान देरी होने के चलते चालक वैन को तेज गति से चला रहा था। थाना प्रभारी ओमशंकर शुक्ला के अनुसार, वैन में नौ छात्र सवार थे। दो को चोट आईं हैं।
पिछले साल हादसे में घायल हुए थे नौ बच्चे
-अक्तूबर 2023 में मीरानपुर कटरा में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूली वैन में ट्रक से पीछे से टक्कर लग गई थी। इससे वैन में सवार नौ बच्चे घायल हो गए। बच्चों को सीएचसी ले जाया गया था। दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने ट्रक को नगरिया मोड़ के पास से पकड़ लिया था।
स्कूल वैन में दो ही बच्चे सवार थे। टक्कर लगने से उन्हें चोटें आई हैं। घायल बच्चों को सीएचसी में भर्ती कराया है। एक को बरेली रेफर कर दिया है।
लवलेश दत्त, प्रधानाचार्य-राममुरारी स्कूल
-
बिना मानक के चलने वाली स्कूली वैनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। नियम के विरुद्ध चलने वाले वाहनों को सीज करने की कार्रवाई करेंगे।
शांतिभूषण पांडेय, एआरटीओ
शाहजहांपुर में दातागंज मार्ग पर हादसे के बाद वैन में फंसा छात्र। संवाद