बंडा। कोरोना के महामारी घोषित होने के बाद मंगलवार को प्रदेश सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज सहित शिक्षण संस्थान बंद करने के आदेश दिए थे। सरकार के इस आदेश को धता बताकर बुधवार को बंडा में एक प्राइवेट स्कूल खोला गया और बच्चे पढ़ने भी पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूल प्रबंधक को हिरासत में लेकर बच्चों को घर भेज दिया गया। बीएसए ने मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
यूपी सरकार ने सभी स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थान, मॉल और सिनेमा घर दो अप्रैल तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। मगर बंडा के गांव दिउहना स्थित एक प्राइवेट स्कूल बुधवार को भी खोला गया। लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और संचालक से आदेश के बावजूद स्कूल खोलने को लेकर पूछताछ की। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर पुलिस ने स्कूल के प्रबंधक को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। स्कूल खुले होने की जानकारी अधिकारियों को भी दी गई। इसके बाद बच्चों की छुट्टी कर दी गई।
रास्ते में फंसा वाहन
छुट्टी के बाद बच्चों को स्कूल वाहनों से घर भेज दिया गया। मगर एक वाहन रास्ते में फंस गया, जिसेे बमुश्किल धक्का लगाकर स्टार्ट किया गया। मानकों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे इस वाहन की हालत बेहद जर्जर दिखी।
शासन का आदेश होने के बावजूद बंडा का बाबा हरद्वारीलाल एकेडमी स्कूल बुधवार को खुला मिला था। इसको लेकर स्कूल पर कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही स्कूल की मान्यता की जांच कराई जाएगी। - राकेश कुमार, बीएसए
स्कूल खोलने की शिकायत पर प्रबंधक सर्वेश कुमार को हिरासत में लिया गया है, अधिकारियों को सूचित किया गया है। उच्च अधिकारियों से जो भी आदेश मिलेगा उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। राजेंद्र बहादुर, थाना प्रभारी बंडा