पहली बार जिले में वायुसेना के सुखोई, मिराज, मिग, जगुआर लड़ाकू विमान उतरेंगे। यहां एयर शो भी होगा। इसके बाद देर शाम नाइट लैंडिंग होगी। एक्सप्रेसवे के नीचे वाहन पार्किंग, पानी टैंकर, मोबाइल टॉयलेट बने हैं। सुरक्षा की दृष्टि से हवाई पट्टी पर वायु सेना द्वारा सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं।
लड़ाकू विमानों की लैंडिंग देखने आए स्कूली बच्चों में गजब का उत्साह है। स्कूली बच्चे भारत माता की जय और जय हिंद के नारे लगाते रहे। एयर शो देखने के लिए शाहजहांपुर समेत अन्य जिलों से और राज्यों से आमंत्रित अतिथि पहुंचे हैं। किसी को भी हवाई पट्टी की व्हाइट लाइन के पार जाने की इजाजत नहीं है। जर्मन हैंगर में ही सभी के बैठने की व्यवस्था की गई है।
मौसम का बदला मिजाज
हवाई पट्टी पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग से पहले शाहजहांपुर में आंधी के साथ बारिश हुई तो जलालाबाद में मौसम खुशगवार रहा। घने बदल मंडराते रहे और तेज हवा चलने से धूल के गुबार उठते रहे। मौसम बिगड़ने और बारिश की आशंका के चलते एकबारगी एयर शो और विमानों की लैंडिंग का कार्यक्रम स्थगित होने की भी चर्चा रही लेकिन मौसम अनुकूल होने से लैंडिंग की तैयारियों को अंतिम रूप देने में पुलिस प्रशासन जुटा रहा। घने बादलों के मंडराने से धूप की तपिश से राहत मिली।