डीआईओएस ने प्रधानाचार्यों को भेजा पत्र, तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडियट की परीक्षाओं में शामिल होने वाले व्यक्तिगत विद्यार्थियाें के आवेदन पत्र अग्रसारित करने के लिए परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने की समय सारिणी तय कर दी गई है।
डीआईओएस हरिवंश कुमार ने प्रधानाचार्यों को भेजे पत्र में बताया कि अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र का अग्रसर व परीक्षा शुल्क पांच अगस्त तक प्राप्त कर सकते हैं। दस अगस्त तक परीक्षा शुल्क को एकमुश्त चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करना होगा। 16 अगस्त की रात 12 बजे तक परीक्षा शुल्क की सूचना व विद्यार्थी का संंबंधित शैक्षिक विवरणों को परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। दस अगस्त के पश्चात व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं के लिए प्रति परीक्षार्थी सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क का चालान के माध्यम से 16 अगस्त तक जमा करने की सुविधा दी गई है। हाईस्कूल व्यक्तिगत में 706 रुपये कोषागार में परीक्षा शुल्क होगा, जबकि इंटरमीडियट में 806 रुपये शुल्क रखा गया है।
डीआईओएस ने बताया कि छात्र-छात्राओं के प्रमाणपत्रों-अंकपत्रों में उनके शैक्षिक विवरण आदि शुद्ध छपा हो। इसके लिए प्रत्येक छात्र-छात्रा के विवरणों को अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य स्कूल के अभिलेखों में जांचने के बाद ही वेबसाइट पर अपलोड करें। संवाद