शाहजहांपुर। सावन के पहले सोमवार को देखते हुए शिवालयों में तैयारियां पूरी कर ली गईं। हर-हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंजेंगे। भक्त जलाभिषेक करने के साथ ही बेलपत्र और प्रसाद चढ़ाएंगे। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
भगवान शिव के प्रिय महीने श्रावण का प्रारंभ हो चुका है। सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में भारी भीड़ उमड़ेगी। शहर के टाउन हाल स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर और पोस्ती पाकड़ स्थित बाबा वनखंडीनाथ मंदिर में पूरे दिन तैयारियां चलती रहीं। मंदिरों में भक्तों को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने के लिए व्यवस्था की गई।
मंदिर में सजावट भी की गई। कलान के पटना देवकली मंदिर में रविवार से भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। फर्रुखाबाद के घटियाघाट से कांवड़ में जल भरकर लाने वाले भक्त पटना देवकली में शीश नवाते हैं। उसके बाद आगे की यात्रा शुरू करते हैं। इसी तरह पैना बुजुर्ग स्थित त्रिलोकीनाथ धाम पर शिवभक्तों का रेला उमड़ता है।
-
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, कंट्रोल रूम बनाया, बैरिकेडिंग कराई
श्रावण मास के चलते कांवड़ियों के आवागमन के मद्देनजर रविवार को पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती है। बरेली मोड़ चौराहे पर कंट्रोल रूम स्थापित कर चौराहे को पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया गया है। वहीं जलालाबाद मार्ग पर बैरिकेडिंग कर बड़े वाहनों के जाने पर रोक लगा दी गई है। 11 जुलाई से सावन का माह आरंभ हो गया है। शहर की सीमाओं से होते हुए गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने रविवार को एहतियात बरती। बरेली मोड़ चौराहे पर कंट्रोल रूम बनाकर वायरलेस सेट और कैमरे लगाकर एलईडी से पल-पल नजर रखी जा रही है। इसके अलावा एक रजिस्टर पर कांवड़ियों का पूरा ब्योरा अंकित किया जा रहा है। माइक के जरिये पुल के नीचे खड़े वाहनों को हटाने के लिए भी पुलिस कह रही है। वहीं जलालाबाद मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाकर पूरी तरह रास्ता बंद कर दिया गया है। अब मार्ग मंगलवार को खोलने की बात बताई गई है।
-
यहां से निकलेंगे कांवड़िये
वाहन से आने-जाने वाले कांवड़िये बरेली मोड़ से हरदोई चौराहा, अटसलिया मोड़, हथौड़ा चौराहा होते हुए गोला जाएंगे। पैदल आने-जाने वाले कांवड़िये बरेली मोड़ से राजघाट, केरूगंज, बेरी तिराहा, अंटा चौराहा, सुदामा चौराहा, जीआईसी तिराहा से हथौड़ा चौराहा होते हुए गोला जाएंगे। पैदल मार्ग से कांट, जलालाबाद के याकूबपुर तिराहा से कोला तिराहा, जरियन तिराहा, ढाई गांव तिराहा, सकरा पुल ढाई से होते हुए ढाई घाट को जाएंगे। टीएसआई विनय पांडेय ने बताया कि रूट डायवर्जन प्रत्येक शुक्रवार रात 10 बजे से मंगलवार की दोपहर 12 बजे तक रहेगा।
-
बरेली मोड़
बरेली मोड़ से थाना कांट व जलालाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
कटरा चौराहा से जलालाबाद की ओर भारी वाहनों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन हमजापुर चौराहा से पुवायां की ओर जाएंगे। फिर मोहम्मदी रोड होकर शंकरपुर तिराहा से जंगबहादुर गंज मार्ग से राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर भेजा जाएगा।
मिर्जापुर, कांट व मदनापुर
मिर्जापुर के ढाई गांव चौराहा से ढाईघाट की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। कांट थाना क्षेत्र में मदनापुर व मदनापुर में कांट की ओर से आने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
राजघाट चौराहे पर कांवड़ यात्रा के मद्देनजर लगाए गए बैरियर। संवाद