राजकीय मेडिकल कॉलेज कैंटीन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम उबले दूध का नमूना लेते हुए। स्रोत: वि
शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित कैंटीन में उबले दूध, मूंग की दाल और नमक का नमूना लिया। बुधवार को निरीक्षण के दौरान सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी को मिलावटी दूध और पानी से बना दलिया मिला था।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने ओपीडी और वार्ड में ड्यूटी पर गैरहाजिर मिलने पर सीएमएस समेत दस डॉक्टरों से स्पष्टीकरण तलब किया था। उन्होंने खाना वितरण के दौरान नमकीन दलिया को चखा, जिसमें नमक की मात्रा अधिक थी। दूध में काफी पानी मिलाया गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को मूंग की दाल और नमक का नमूना लिया था और बृहस्पतिवार को उबले हुए दूध का नमूना लिया। नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि डीएम और एडीएम प्रशासन के निर्देश पर नमूना संकलित किया गया है। इसको जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।