प्रदेश के मुख्य सचिव आलोक रंजन ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में विकास कार्यों की प्रगति और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। अफसरों की टीम के साथ मौजूद डीएम शुभ्रा सक्सेना और एसपी राजेन्द्र प्रसाद सिंह यादव ने मुख्य सचिव के सवालों के जवाब दिए।
मुख्य सचिव के साथ मौजूद प्रमुख सचिव गृह ने कहा कि पुलिस विवेचना मेें देरी न हो, अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई और उनकी धरपकड़ में तेजी लाई जाए। पुलिस पर हमला करने वालों को किसी दशा में न बख्शा जाए। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने हुए कार्यों का ब्यौरा दिया।
मुख्य सचिव ने समाजवादी पेंशन आवेदकों की कंप्यूटर फीडिंग पर संतोष जताया और कहा कि लोहिया गांवों का संतृप्तीकरण तेजी से करें। उन्होंने बिजली, राजस्व, कृषि, गन्ना, उद्यान, पंचायती राज आदि विभागोें के कामों की समीक्षा करते हुए शौचालय निर्माण में तेजी लाने केनिर्देश दिए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य सचिव के साथ समाज कल्याण, ऊर्जा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व आदि विभागों के प्रमुख सचिव भी शामिल रहे।