शाहजहांपुर। आंकड़ों की गलत रिपोर्टिंग करने पर कटरा और पुवायां के चिकित्सा अधीक्षकों के वेतन को अग्रिम आदेशों तक रोक दिया गया है। नोडल अधिकारियों से भी स्पष्टीकरण तलब किया है।
बृहस्पतिवार को सीडीओ ने पुवायां और कटरा क्षेत्र में पीएचसी में ऑनलाइन पोर्टल पर संचालित होने वाले प्रसव केंद्रों का निरीक्षण किया था। प्रसव कक्षों में सामान नदारद मिलने के साथ ही गंदगी आदि भी मिली थी। एक जगह पर कबाड़ भरा था। सीडीओ के निरीक्षण के बाद स्थिति सामने आने के बाद शुक्रवार को सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने जिले के सभी चिकित्सा अधीक्षकों व एसीएमओ/नोडल अधिकारी को तलब कर लिया।
वहीं कटरा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.फैजान व पुवायां के डॉ.नरेंद्र का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया। उन्होंने गंदगी समेत अन्य कमियों को देखते हुए स्पष्टीकरण भी तलब किया है। सीएमओ ने बताया कि पीएचसी पर तैनात एएनएम से भी जवाब तलब करेंगे।
एसीएमओ को सख्त निर्देश, प्रसव केंद्रों को सक्रिय कराएं
बैठक के दौरान सीएमओ ने कार्रवाई करने के साथ ही व्यवस्था सुधार के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने एसीएमओ को निर्देशित किया कि वह प्रसव केंद्रों को सक्रिय करें। एसीएमओ बराबर निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त कराएं। गड़बड़ी होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।