मैलानी। रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना ने बृहस्पतिवार को नानपारा-नेपालगंज रोड स्टेशनों के बीच 19.33 किमी 25 हजार वोल्ट एसी क्षमता की नई विद्युतकर्षण रेल लाइन का संरक्षा निरीक्षण किया।
रेल संरक्षा आयुक्त पूर्वाेत्तर परिमंडल प्रणजीव सक्सेना ने सर्वप्रथम नानपारा रेलवे स्टेशन पर नई विद्युतीकृत रेल लाइन के मानक के अनुरूप सेफ्टी अभिलेखों, यार्ड प्लान, स्टेशन वर्किंग रूल, प्लेटफार्म क्लियरेंस, यार्ड पॉइंट, क्राॅसिंग, सिगनलिंग, बर्थिंग, ट्रैक बैलास्ट, फाउलिंग मार्क, पैनल इंटरलॉकिंग, बैटरी रूम, रिले रूम आदि का निरीक्षण किया। स्टेशन मास्टर से पैनल रूम में परिचालनिक संरक्षा संबंधी प्रश्न पूछकर संरक्षा कार्य कुशलता परखी।
इसके बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने अधिकारियों के साथ मोटर ट्राॅली से नानपारा-बाबागंज हॉल्ट के बीच माइनर ब्रिज संख्या एक, एलएचएस संख्या एक-बी, कर्व संख्या-एक, मेजर ब्रिज संख्या एक-ए, माइनर ब्रिज संख्या दो, बैलास्ट कुशन, माइनर ब्रिज संख्या चार और बाबागंज हॉल्ट पर मानकों के अनुरूप स्टेशन अपडेशन का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण अभय कुमार गुप्ता, मुख्य विद्युत इंजीनियर/निर्माण ओपी सिंह, मुख्य विद्युत वितरण इंजीनियर सुरेश कुमार, मुख्य इंजीनियर/निर्माण आर के सिंह, मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर/प्लानिंग निलाभ महेश, मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर/निर्माण आरकेचौधरी, उप मुख्य इंजीनियर/निर्माण/द्वितीय विनोद कुमार डीआरएम गौरव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
स्पीड ट्रायल आज
शुक्रवार को बाबागंज हाल्ट-नेपालगंज रोड के बीच संरक्षा निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के बाद नेपालगंज रोड-नानपारा के बीच स्पेशल ट्रेन से स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा।
निरीक्षण करते रेल संरक्षा आयुक्त प्रणजीव सक्सेना। स्रोत : रेलवे