शाहजहांपुर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी स्कूलों में पढ़ने वाले 3383 बच्चों को पांच-पांच हजार रुपये की वित्तीय सहायता के लिए 26 जिला स्तरीय अधिकारियों ने सत्यापन शुरू कर दिया है। अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर आरटीई के तहत नामांकित बच्चों के नामांकन, फीस और अन्य अभिलेखों की जांच कर रहे हैं।
जिले के 240 निजी स्कूलों में आरटीई के तहत 3383 बच्चे पढ़ रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने पहले बच्चों के बैंक खातों का सत्यापन कराकर डाटा तैयार कराया था। अब जिला स्तरीय अधिकारियों से स्कूलवार और छात्रवार अभिलेखों का सत्यापन कराया जा रहा है। इसमें बच्चों के नामांकन और पात्रता की स्थिति भी जांची जा रही है।
सत्यापन पूरा होने के बाद पात्र बच्चों के बैंक खातों में पांच-पांच हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी। इस धनराशि से दो जोड़ी यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, स्टेशनरी और पढ़ाई से संबंधित अन्य जरूरी सामग्री खरीदी जा सकेगी। डीएम ने तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि सत्यापन रिपोर्ट पूरी होने के बाद खातों में धनराशि भेजी जाएगी।