रोजा शुगर वर्क्स के अधिकारियों ने गन्ना किसानों को 2.93 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। प्रशासन द्वारा मिल की चीनी सील किए जाने के बाद दबाव इसकी खास वजह मानी जा रही है।
नौ जनवरी को एसडीएम सदर जयनाथ सिंह यादव ने करीब डेढ़ लाख क्विंटल चीनी सील कराई थी। यह चीनी बेचने की तभी अनुमति देने की बात कही गई थी, जब चीनी मूल्य से मिलने वाली राशि का 85 प्रतिशत भुगतान गन्ना किसानों को मिल देने को तैयार होगी। इसके बाद ही मिल ने भुगतान में तेजी से काम किया है। चीनी मिल के जीएम वीके मालपाणी ने कहा कि इस भुगतान के साथ ही आगे भी भुगतान समय से किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस संबंध में जिला गन्ना अधिकारी बीके पटेल ने बताया रोजा चीनी मिल ने इस भुगतान की पुष्टि की। साथ ही बोले कि 14 दिन के भीतर ही मिल द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान कराने को पूरा दबाव बनाया जा रहा है।
मकसूदापुर मिल ने किया 3.60 करोड़ का भुगतान
मकसूदापुर (बंडा)। बजाज की मकसूदापुर चीनी मिल ने आठ दिसंबर तक खरीदे गए गन्ने का तीन करोड़ 60 लाख रुपये का भुगतान किसानों के खाते में भेज दिया है। यह जानकारी यूनिट हेड आलोक श्रीवास्तव ने दी है।