उत्तर रेलवे के सीएमई (डीजल), जीई कंपनी के निदेशक ने रखी आधारशिला
डेढ़ साल में काम करना शुरू कर देगी वर्कशाप
उत्तर रेलवे मुख्य यांत्रिक डीजल अभियंता प्रदीप कुमार और जीई कंपनी के कार्यकारी निदेशक विलियम्स ने संयुक्त रूप से रोजा में डीजल लोकोमोटिव वर्कशॉप की हवन पूजन करके आधारशिला रखी। वर्कशॉप डेढ़ साल के अंदर काम करने लगेगी। कंपनी ने अपनी सहयोगी कंपनी सोपरजी पालनजी के साथ विधिवत निर्माण काम शुरू कर दिया है।
बता दें कि रेलवे प्रबंधन ने रोजा में 250 डीजल इंजन की मरम्मत क्षमता की वर्कशाप के निर्माण को पिछले साल मंजूरी दी थी। इसका 10 वर्ष के लिए अनुबंध अमेरिका की जीई कंपनी से किया गया है। वर्कशॉप में पुराने डीजल इंजनों को रिपेयर कर नई तकनीक के साथ विकसित करेंगकिया जाएगा।
तय कार्यक्रम के मुताबिक मुरादाबाद के डीआरएम प्रमोद कुमार को लोकोमोटिव वर्कशॉप की आधारशिला रखने के लिए आना था लेकिन गुरुवार सुबह उत्तर रेलवे के मुख्य यांत्रिक अभियंता प्रदीप कुमार, डीजल मंडल यांत्रिक अभियंता डीएस सिद्दीकी, टीआरडी के सहायक अभियंता शिवओम तिवारी रोजा पहुंचे। वर्कशॉप की आधारशिला रखने के लिए जीई कंपनी के कार्यकारी प्रबंधक विलियम्स, रिचर्ड, जॉन टाम, सीइओ नतिन जैन भी पहले से यहां मौजूद थे।
पुरोहित सर्वेश शुक्ल ने हवन-पूजन कराया। इसके बाद रेलवे और जीई कंपनी के अधिकारियों ने विधिवत नींव खोदकर आधारशिला रखी। बाद में गुब्बारे उड़ाकर वर्कशाप के निर्माण का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर लोको प्रभारी हरकुमार त्रिवेदी, एआरटी प्रभारी रवि कुमार, टीआरडी प्रभारी मोहन मुरारी शुक्ल सहित तमाम अधिकारी और इंजीनियर मौजूद थे।
रेलवे को वर्ल्ड क्लास बनाने में मददगार होगी वर्कशॉप
रोजा। उत्तर रेलवे के मुख्य यांत्रिक अभियंता (डीजल) प्रदीप कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि रेलवे को वर्ल्ड क्लास बनाने में रोजा वर्कशाप मील का पत्थर साबित होगी। जीई कंपनी के साथ हुए अनुबंध के अनुसार रोजा में उच्च तकनीक डीजल लोकोमोटिव वर्कशॉप बनने के बाद रेल संचालन में सुविधा होगी। इंजनों की भार क्षमता के साथ उनकी रफ्तार का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही इंजनों में उच्च तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। भारतीय रेल को वर्ल्ड क्लास की रेल बनाने मे कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। वर्कशॉप की अनुमानित लागत के बारे में सीएमई कंपनी के अधिकारी कुछ भी बताने से कतराते रहे। बस इतना कहा कि समय आने पर सब कुछ साफ कर दिया जाएगा।
नरमू ने युवाओं के लिए मांगा रोजगार
रोजा। डीजल लोकोमोटिव वर्कशॉप की आधारशिला रखने के बाद नरमू की रोजा और शाहजहंापुर इकाई के पदाधिकारियों का एक शिष्टमंडल सचिव नरेंद्र त्यागी की अगुवाई में सीएमई प्रदीप कुमार और जीई कंपनी के सीईओ नतिन जैन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी में यहां के युवाओं खासकर रेल कर्मियों के आश्रितों को रोजगार देने की मांग की। शिष्टमंडल में अमित भागवत मिश्र, अवधेश सक्सेना, चंदन कुमार आदि शामिल थे।
इंडियन कल्चर इज बेस्ट: विलियम्स
डीजल लोकोमोटिव वर्कशॉप की आधारशिला रखते वक्त हवन-पूजन के कार्यक्रम को देखकर जीई कंपनी के कार्यकारी प्रबंधक विलियम्स गदगद हो गए। जब पुरोहित सर्वेश शुक्ल ने मंत्रोच्चारण शुरू किया और विलियम्स के हाथ में कलावा बांधा तो उनके साथ आए रिचर्ड और जॉन टाम इसे गौर से देखते रहे। ऐसा लग रहा था कि वे भारतीय संस्कृति को करीब से समझने का प्रयास कर रहे हैं। संस्कृत में बोले जा रहे मंत्रों को उनका दुभासिया अंग्रेजी में समझा रहा था। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विलियम्स ने अपने सहयोगियों से कहा, ‘इंडियन कल्चर इज वैरी बेस्ट, वी फॉलो इट’।