गाजियाबाद में हुई प्रतियोगिता में जीते मेडल के साथ रोली वर्मा। स्रोेत : स्वयं
सिंधौली। गाजियाबाद के मोदीनगर में हुई अस्मिता खेलो इंडिया नॉर्थ जोन वुमेन वेटलिफ्टिंग लीग में महाऊ दुर्ग गांव की भारोत्तोलक रोली वर्मा ने दमदार प्रदर्शन कर दो पदकों पर कब्जा जमाया।
रोली ने 48 किलोग्राम जूनियर भारवर्ग में बेहतर प्रदर्शन कर रजत पदक और सब-जूनियर वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने कुल 117 किलोग्राम भार उठाकर यह उपलब्धि प्राप्त की। प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा आदि प्रदेशों की 14 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
रोली शाहजहांपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की पंजीकृत खिलाड़ी हैं और कोच अजयपाल वर्मा के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोच के साथ भाई दीपक वर्मा के मार्गदर्शन को भी दिया। रोली की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश भारोत्तोलन संघ की अध्यक्ष सबीना यादव, सचिव निर्लेप सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप यादव, जिला क्रीड़ा अधिकारी सुरेंद्र पाल बमनिया, जिला ओलंपिक संघ के महासचिव नरेंद्र त्यागी आदि ने हर्ष व्यक्त करके उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संवाद