तिलहर (शाहजहांपुर)। फाइनेंसर की बाइक को टक्कर मारकर लूट के मामले में पुलिस ने आठ दिन बाद खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बरेली के पुराना शहर मोहल्ला कटरा चांद खां निवासी आशीष ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह तिलहर स्थित एक फाइनेंसर कंपनी में कार्यरत हैं और चीनी मिल कॉलोनी में किरायेे पर रहते हैं। 17 दिसंबर की रात करीब 11:45 बजे वह शाहजहांपुर से काम निपटाकर तिलहर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस चौकी के पास शाहजहांपुर की ओर से एक अज्ञात बाइक सवार उनका पीछा करने लगा।
उसने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी। बाइक सवार आगे निकल गया, लेकिन कुछ दूरी पर रुककर वापस आया और सामने से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोपी उनके पास से बैग, एटीएम कार्ड और नकदी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में 18 दिसंबर को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे नगरिया चौकी इंचार्ज विशेष कुमार ने पुलिस टीम के गांव राई खेड़ा मोड़ से थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वर्कजई निवासी फरहान अली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बाइक से टक्कर मारकर लूट करने की वारदात स्वीकार की। क्राइम इंस्पेक्टर सुनील यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।