लग्जरी कार से लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे 14 लुटेरों को पुलिस ने शनिवार शाम जलालाबाद रोड- खैरपुर रोड पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 330 ग्राम सोना और पांच किलो चांदी के अलावा 23 हजार रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद हुई है। काफी संख्या में तमंचे और कारतूस भी मिले हैं।
बिहार, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों में डकैती, लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले लुटेरों से पुलिस पूछताछ कर रही है। थाना कटरा पुलिस और एसओजी की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट की घटना को अंजाम देने के लिए दो कारों से कई लुटेरे जा रहे हैं।
सूचना के बाद कटरा, तिलहर, खुदागंज, जैतीपुर, गढ़िया रंगीन थाने की पुलिस, स्वॉट और सर्विलांस टीम को लगाया गया। शनिवार शाम को जलालाबाद रोड से खैरपुर जाने वाले रोड पर पुलिस ने एक कार को रोकने की कोशिश की तो कार सवार लुटेरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 14 लोगों को
गिरफ्तार कर लिया।
इनमें गैंग लीडर सुखपाल, मिशरार, आमिन, निसार, नाज मोहम्मद निवासी बरेली, मुनीश, निवासी थाना जलालाबाद, सुनहार, वशुदेव निवासी गांव मरेना थाना गढ़िया रंगीन, गैंग लीडर साने आलम, मिदरी, अजीज, इकबाल निवासी थाना मदनापुर, अनीस, इरफान निवासी बदायूं और लखीमपुर निवासी अतीक शामिल हैं। बदमाश गढ़ियारंगीन के रहने वाले सुनार धर्मेंद्र गुप्ता को जेवर बेचते थे। पुलिस ने धर्मेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है।
उसके पास से चोरी के जेवर भी बरामद हुए हैं। पुलिस सभी लुटेरों को थाने लेकर आई। जहां सभी से पूछताछ की गई तो लुटेरों ने उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर, प्रतापगढ़, वाराणसी के अलावा कई राज्यों में चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की। लुटेरों ने जिन जिलों में घटनाओं को अंजाम दिया उन
जिलों के अधिकारियों से एसपी एस आनंद ने संपर्क करना शुरू कर दिया है।