बारावफात जुलूस के मद्देजनर शहर में रहेगा रूट डायवर्जन
हथौड़ा चौराहा, रामनगर तिराहा और गदियाना चुंगी से होगा वाहनों का संचालन
शहर में बारावफात के जुलूस के मद्देनजर 12 दिसंबर को ट्रैफिक डायवर्ट करने का फैसला लिया गया है। तय हुआ है कि सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन नहीं होगा।
परिवहन निगम के शाहजहांपुर डिपो के एआरएम रामबहादुर यादव और टीएसआई मो. इश्यिताक ने शुक्रवार को होने वाले रूट डायवर्जन का ब्योरा जारी किया। रोडवेज बस स्टैंड से चलने वाले सभी टेंपो, टैक्सी आदि वाहन दुर्गा होटल और टाउन हॉल की तरफ न जाकर पीडब्लूडी तिराहे की ओर से जाएंगे। बरेली मोड़ से रोडवेज बसस्टैंड की ओर आने वाले वाहन राजघाट से केरूगंज की ओर होकर निकलेंगे। राजघाट से कनौजिया और कच्चा कटरा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। निगोही की ओर से आने वाले छोटे-बड़े सभी वाहन सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक गदियाना चुंगी पर रोके जाएंगे। पुवायां की ओर से आने वाले छोटे-बड़े सभी वाहन रामनगर तिराहे पर रोके जाएंगे। इसी अवधि में मोहम्मदी, सीतापुर और हरदोई की ओर से आने वाले छोट-बड़े सभी वाहनों को हथौड़ा चौराहे पर रोका जाएगा।
मोहम्मदी, लखीमपुर, सीतापुर और हरदोई जाने वाली बसें हथौड़ा चौराहे से संचालित होंगी। बरेली, फर्रुखाबाद के लिए बसें बरेली मोड़ से चलेंगी। पुवायां, मैलानी, पलिया जाने वाली बसें रामनगर तिराहे से संचालित होंगी। शाहजहांपुर से हरदोई जाने वाली प्राइवेट बसें हथौड़ा चौराहे से मिलेंगी। रोजा से चलने वाली कोयले के रैक की गाड़ियां (बजाज एनर्जी) सुबह चार बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगी जबकि इसी दौरान यह प्रतिबंध खाद की गाड़ियों पर भी लागू रहेगा।