रोजा में लगा जाम से वाहनों की लगी लाइन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सीतापुर नेशनल हाईवे पर रेलवे पुल पर भूसी से भरा ट्रक अचानक खराब हो जाने के कारण घंटों जाम लगा रहा। जिससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों के वाहन घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे लखनऊ व बरेली की ओर जाने वालों को परेशानियों से जूझना पड़ा।
गुरुवार की दोपहर में सीतापुर की ओर जा रहा भूसी का एक ट्रक अचानक रेलवे ओवरब्रिज पर खराब हो गया। काफी देर तक ट्रक चालक ने सही करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके चलते ट्रक के पीछे वाहनों की लंबी कतारें लगने लगी और देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की रफ्तार थम गई। इतना ही नहीं कई वाहन चालकों ने जल्दबाजी में अपने वाहनों को बीच में लगा दिया। जिसके कारण और भी जाम लग गई। सकरा रेलवे पुल होने के कारण हाइवे पर अक्सर जाम लग जाता है। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर एक तरफ हरदोई बाईपास के आगे दूसरी ओर जमुका तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बरेली और लखनऊ जाने वाले लोग धूप में परेशान होते रहे। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने एक एक करके वाहनों को निकलवाना शुरू किया। एक घंटे बाद जब भूसी का ट्रक सही हो सका तब धीरे-धीरे जाम पूरी तरह खुल पाया। इस बीच हाईवे पर लगभग दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।