तिलहर क्षेत्र के सुनौरा अजमतपुर गांव में शुरू किया गया सड़क का निर्माण। स्रोत: ग्रामीण
तिलहर। सुनौरा अजमतपुर गांव में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों के हाईवे जाम किए जाने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। बृहस्पतिवार को ददरौल ब्लॉक की टीम गांव पहुंची और सड़क की नाॅप कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया। सड़क का काम शुरू होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ब्लॉक ददरौल के गांव सुनौरा अजमतपुर गांव में स्कूल से अमरेश सिंह के मकान होते हुए सुखपाल सिंह के मकान तक सड़क लंबे समय से जर्जर पड़ी थी। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
समस्या का समाधान नहीं होने पर बुधवार को कई महिलाएं पुरुषों के साथ लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर धरने पर बैठ गईं। इससे करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे के दोनों लेन पर यातायात ठप रहा। बीडीओ अमित सिंह मौके पर पहुंचे और बृहस्पतिवार से सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया।
बृहस्पतिवार को ब्लॉक कर्मचारी गांव पहुंचे। कर्मचारियों ने सड़क की नाॅप कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। बीडीओ अमित सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर सड़क की नाॅप कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है।