चौक कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच लोगों को समझाया। स्रोत: जागरुक पाठक
- फोटो : Self
शाहजहांपुर। कांट रोड पर निर्माण कार्य के दौरान शिवलिंग खंडित होने पर हिंदू संगठन का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम को कांट मार्ग पर विरोध-प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम करीब 30 मिनट तक लगा रहा।
हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष दीपक त्रिपाठी ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि बरेली मोड़ स्थित खाटू श्याम मंदिर के सामने लगभग 30 वर्षों से स्थापित शिवलिंग को एक गैर समुदाय के व्यक्ति ने जानबूझकर तोड़ दिया। यह कार्य न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि समाज में अशांति एवं तनाव उत्पंन्न करने बाला है। प्रकरण की गंभीरता से जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस बीच पहुंचे हिंदूवादी नेता राजेश अवस्थी ने भी मौके पर पहुंचकर पुलिस से वार्ता कर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि जाम खुलवा दिया गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।