खुटार। सड़क हादसे में गंभीर घायल गांव सिमरई निवासी रामप्रकाश की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई।
गांव सिमरई निवासी शिवाकांत ने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को उनके पिता 56 वर्षीय रामप्रकाश स्कूटी से जा रहे थे। पीलीभीत के थाना बिलसंडा के गांव करनिया के रहने वाले सोमपाल अपनी पत्नी विद्या देवी के साथ बाइक से खुटार आ रहे थे। गांव रजमना मोड़ के पास स्कूटी और बाइक की टक्कर हो गई थी। हादसे में रामप्रकाश गंभीर घायल हो गए थे।
मंगलवार को परिजन रामप्रकाश को इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे। रास्ते में उनकी हालत बिगड़ जाने पर उनको राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुभाषचंद्र ने बताया कि सूचना के आधार पर शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद
बकरी को बचाने में बाइक सवार गंभीर घायल
खुटार। गांव नरौठा हंसराम निवासी संजय कुमार मंगलवार को किसी काम से बाइक से गांव हीरपुर जा रहे थे। खुटार-मैलानी रोड पर हीरपुर मोड़ के पास अचानक बाइक से सामने बकरी आ गई। बकरी बचाने के फेर में बाइक असंतुलित होकर पलट गई और संजय बाइक समेत काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में गंभीर घायल संजय को 108 सेवा की एंबुलेंस से खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया गया। जानकारी होने पर परिजन भी सीएचसी पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर ने संजय को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया है। संवाद