भावलखेड़ा। पूर्व ब्लाॅक प्रमुख के जेठ और भाजपा नेता शरद कुमार सिंह बबलू पर फायरिंग करने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर संतोष सिंह ने सोमवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। थाना रामचंद्र मिशन पुलिस अदालत से वारंट जारी होने के बावजूद घटना के 21 दिन बाद भी उसे गिरफ्तार करने में नाकाम रही। मामले में अन्य आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
कनेंग गांव के रहने वाले पूर्व ब्लाॅक प्रमुख के जेठ पर गत 31 अगस्त की रात रौसर कोठी गांव के आरोपी हिस्ट्रीशीटर समेत चार-पांच लोगों ने फायरिंग कर दी थी। इस मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत गुंवारी गांव के मोहन अवस्थी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस जांच में अजमेरी नामक आरोपी का भी नाम सामने आया। वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी पुलिस जांच कर रही है।
गत 11 सितंबर को पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बावजूद आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस नाकाम रही। इसी का लाभ उठाकर आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि संतोष को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रहीं हैं। संवाद