आरओ-एआरओ के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह। स्रोत: सूचना विभाग
शाहजहांपुर। जनपद में रविवार को 27 परीक्षा केंद्रों पर आरओ व एआरओ की परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में 11952 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति होगी। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश मिलेगा। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया।
परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दिन में 12:30 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले यानी सुबह 8:45 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नकलविहीन परीक्षा के लिए एआई तकनीक, फेस रिकग्निशन, सीसीकैमरे की निगरानी और इंटरनेट मीडिया माॅनिटरिंग जैसे मजबूत इंतजाम किए गए है। परीक्षा केंद्रों पर सीसी कैमरे के जरिये लाइव निगरानी होगी। डीएम ने कहा कि केंद्रों पर साफ-सफाई व पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
प्रत्येक स्टॉफ का एक पहचान पत्र होना चाहिए। डीएम ने तिलहर के एलबीजेपी व आरबीएम इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान डीआईओएस हरवंश कुमार, एसडीएम तिलहर रविंद्र कुमार आदि अधिकारी मौजूद रहे।
परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने के दिए निर्देश
जलालाबाद। सेठ सियाराम इंटर कालेज में रविवार को होने वाली समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ व एआरओ) की परीक्षा को लेकर एसडीएम प्रभात रॉय ने शनिवार को कॉलेज जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एसडीएम ने बताया कि कालेज में 384 परीक्षार्थी रविवार को 16 कमरों में परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन को सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी मो. सलीम भी मौजूद रहे। संवाद