मेडिकल कॉलेज में आंख की जांच कराता मरीज। संवाद
शाहजहांपुर। बरसात में आंखों के संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेज की नेत्र ओपीडी में रोजाना 100 से 150 मरीज लाल आंखें, सूजन और जलन की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को दोपहर डेढ़ बजे तक 142 मरीजों की ओपीडी हुई। चिकित्सकों के अनुसार बारिश के मौसम में कंजंक्टिवाइटिस (आंखों के संक्रमण) के मामले तेजी से बढ़ते हैं।
राजकीय मेडिकल कॉलेज की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा भारद्वाज ने बताया कि इन दिनों आंखों में सूजन, जलन और लालिमा की शिकायत वाले मरीज अधिक आ रहे हैं। संक्रमण से बचाव के लिए बाहर से आने के बाद साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक हाथ अच्छी तरह धोने चाहिए। बिना हाथ धोए आंखों को छूने या रगड़ने से बचना चाहिए।
उन्होंने बताया कि संक्रमित व्यक्ति को अपना तौलिया, तकिया और रुमाल किसी दूसरे के साथ साझा नहीं करना चाहिए। बारिश और धूल से आंखों को बचाने के लिए बाहर निकलते समय, खासकर बाइक चलाते वक्त चश्मा पहनना चाहिए। आंखों में संक्रमण होने पर चिकित्सक की सलाह के बिना मेडिकल स्टोर से कोई आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल नहीं करनी चाहिए। गलत दवा आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकती है।
डॉ. भारद्वाज ने बताया कि संक्रमण होने पर कुछ दिन भीड़भाड़ वाले स्थानों और कार्यालय जाने से बचना चाहिए, ताकि संक्रमण दूसरे लोगों में फैलने का खतरा कम हो।