ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट, तीनों की जान गई
ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट पहने बाइक चलाने का खामियाजा तीन परिवारों को भुगतना पड़ा। बदायूं रोड पर कस्बे से पहले गुंदौरा भट्टे के पास शनिवार की दोपहर ट्रक को ओवरटेक करते समय अचानक सामने आ गए साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी और तीनों ट्रक के नीचे आ गए। आपस में रिश्तेदार तीनों व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में मिर्जापुर पुलिस ने ट्रक सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र के गांव कटका बहादुरपुर निवासी 58 वर्षीय रामभरोसे शुक्रवार को अपने भतीजे शिवकुमार के साथ बाइक से अपनी छोटी बेटी का रिश्ता देखने के लिए कलान क्षेत्र के गांव पिलुआ निवासी अपने बहनोई ऋषिपाल के यहां गए थे। कांट क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी उनके साढ़ू का तीस वर्षीय बेटा उमेश भी बाइक से पिलुआ पहुंच गया। शनिवार को रामभरोसे ने अपने भतीजे शिवकुमार, 28 वर्षीय भांजे राजेश और साढ़ू के लड़के उमेश के साथ कलान क्षेत्र के कई गांवों में लड़के देखे। इसके बाद शिवकुमार बाइक लेकर पहले निकल गया। रामभरोसे, उमेश और राजेश एक बाइक पर जलालाबाद की तरफ निकल पड़े। बाइक उमेश चला रहा था और उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। गुंदौरा भट्टे के पास उमेश ने एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया तभी सामने से साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक असंतुलित होकर पलट गई और तीनों लोग ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया जिसे बाद मिर्जापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।