सोमवार सुबह वाहन चेकिंग में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। डीसीएम में भरकर ले जाए जा रहे करीब 60 कुंतल प्रतिबंधित पशुओं का मांस बरामद करने के साथ दो तस्करों को दबोच लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया।
कोतवाल यतेंद्र भारद्वाज, एसआई इफ्तिखार हुसैन, सिपाही अर्जुन सिंह, देवेंद्र, प्रीतम शर्मा तथा इंद्रपाल सुबह करीब सात बजे कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर पैदल चलकर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी पुलिस ने कस्बे के मुख्य चौराहा होकर गुजर रही एक डीसीएम को रुकवाने के लिए हाथ का इशारा किया। मगर चालक ने डीसीएम रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस कर्मियों ने पीछा करके कुछ ही दूर पर डीसीएम को घेर लिया और उसमें बैठे दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद गाड़ी का तिरपाल हटाकर देखा तो उसमें मांस भरा था। कोतवाल ने बताया कि गाड़ी में प्रतिबंधित पशुओं का 60 कुंतल से ज्यादा मांस था, जो दिल्ली ले जाया जा रहा था। पकड़े गए आरोपी गाजियाबाद के गांव टोडी निवासी आसिफ और आकिल हैं। पुलिस की सूचना पर डॉ. एसके जायसवाल ने बरामद मांस का नमूना लेकर परीक्षण के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भिजवा दिया। पुलिस ने मांस को गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबा दिया।