- सोमवार सुबह मदनापुर के बंधा गांव में हुई थी घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बंधा गांव में सोमवार सुबह पेड़ कटान के दौरान बिजली का खंभा गिरने से छह वर्षीय बालिका प्रतीक्षा की दबकर मौत होने के मामले में पुलिस ने दो ठेकेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नरवीर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी पौत्री प्रतीक्षा उर्फ नायरा अपनी दादी माया देवी के साथ शौच के लिए गांव से करीब 200 मीटर दूर सुरेश के खेत में गई थी। खेत में पहले से ही बिजली के खंभे झुके हुए थे और तार लटक रहे थे। आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद बिजली के खंभों और तारों को ठीक नहीं कराया गया।
नरवीर के अनुसार, गांव के विजय कुमार उर्फ पंचू और अन्य लोगों ने सुरेश के खेत से लगे शीशम और आम के पेड़ों को कटवाने का सौदा कटरा निवासी ठेकेदार छेदा और कांट के भड़ेरी गांव निवासी ठेकेदार अली मोहम्मद से किया था। दो नवंबर की सुबह करीब सात बजे ठेकेदार मजदूरों से पेड़ कटवा रहे थे। इसी दौरान एक पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे खंभा भी गिर पड़ा। खंभे के नीचे दबकर प्रतीक्षा की मौत हो गई थी। घटना के बाद ठेकेदार बाइक और ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गए थे।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों ठेकेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।