शाहजहांपुर। गर्रा पुल पर कोचिंग से लौट रहे सिख छात्र योगराज सिंह के साथ मारपीट और केश पकड़कर खींचने के मामले में सिख समाज में आक्रोश व्याप्त है। बसपा नेता परमजीत सिंह के साथ पीड़ित के पिता ने बुधवार को एसपी सौरभ दीक्षित को पत्र सौंपकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
विज्ञापन
थाना तिलहर क्षेत्र के गांव नगला हाजी निवासी हरपिंदर सिंह ने बताया कि बेटा योगराज सिंह दो नवंबर को कोचिंग से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में गर्रा पुल के पास भाजपा पार्षद प्रदीप सक्सेना के बेटे अनिरुद्ध सक्सेना ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर बेटे योगराज को रोककर गालियां दीं। विरोध करने पर मारपीट की थी। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि योगराज का दोबारा से मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल परीक्षण के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं। संवाद