शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार की कृष्णानगर कॉलोनी में बिस्कुट व्यापारी रवि खुराना की आत्महत्या मामले में उनकी पत्नी सोनिया की तहरीर पर पुलिस ने राजा उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर पंकज दधीज और एसआर अजय सक्सेना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बिस्कुट व्यापारी रवि खुराना ने 18 मई को अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी थी। उन्होंने सुसाइड नोट छोड़ते हुए बिस्कुट कंपनी पर 22 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया था।
इसी क्रम में रविवार को पंजाबी महासभा व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ सोनिया खुराना ने इंस्पेक्टर सदर बाजार धर्मेंद्र गुप्ता को तहरीर दी। बताया कि पति रवि खुराना बिस्कुट का थोक का कारोबार करते थे। हरिद्वार की कंपनी राजा उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी पंकज दधीज ने कोरोना के बाद 22 लाख रुपये व्यापार कराने को लिए थे। उसके बाद तीन लाख रुपये कंपनी के खाते में ट्रांसफर कराए। उसके बाद भी बिस्किट की खेप नहीं भेजी। पंकज अपने को मैनेजर बताता था।
22 लाख रुपये नकद व पांच-छह लाख का पुराना क्लेम पंकज दधीज व एसआर अजय सक्सेना नेकरीब 28 लाख रुपये रवि से बहला-फुसलाकर ले लिया। भरोसा दिलाते रहे कि वह राजा उद्योग की एजेंसी पुन: दिला देंगे। कई बार कहने के बाद भी धोखा देते रहे। इस बीच कंपनी के एमडी को रवि ने व्हाट्सएप पर मेसेज किया। उन्होंने भी कोई जवाब नहीं दिया।
कंपनी द्वारा लंबे समय से रवि का फोन तक रिसीव नहीं किया जा रहा था। सारी जमा पूंजी व बैंक का कर्ज के डूबने के कारण रवि ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 306 व 406 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ सिटी सरवणन टी. ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।