जलालाबाद पुलिस ने बरामद आतिशबाजी को जब्त कर लिया। स्रोत : पुलिस
जलालाबाद। थाना पुलिस ने गुनारा मोड़ के पास हरि किराना स्टोर से काफी मात्रा में अवैध आतिशबाजी पकड़ने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली। बृहस्पतिवार रात को कार्रवाई के समय भाजपा नेताओं ने पहुंचकर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी एक नहीं चली। पुलिस का दावा है कि बरामद आतिशबाजी करीब ढाई लाख रुपये की है।
मुखबिर की सूचना पर रात में नायब तहसीलदार रोहित कटियार व इंस्पेक्टर प्रदीप राय ने पुलिस बल के साथ किराने की दुकान पर छापा मारा। तो वहां काफी मात्रा में आतिशबाजी का भंडारण मिला। इस बीच दुकानदार मौके से भाग गया। पुलिस के अनुसार, बिना लाइसेंस और सुरक्षा उपकरणों के आतिशबाजी को बिक्री के लिए लाया गया था।
कार्रवाई की जानकारी पाकर भाजपा के नगर अध्यक्ष समेत कई नेता पहुंचे और बिना वारंट के दुकान के अंदर घुसने का विरोध किया। उनकी पुलिस से नोकझोंक भी हुई। प्रशासन ने उनकी एक न सुनते हुए देर रात तक कार्रवाई जारी रखते हुए बड़ी मात्रा में आतिशबाजी को जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि कार्रवाई में आतिशबाजी से भरे नौ बड़े गत्ते व छह बोरियां मिली थीं। इनमें दस पैकेट रावण बम, 23 पैकेट अनार पैकेट, दस पैकेट बुलेट बम, बीस पैकेट बम, सात पैकेट राउंड बम, 39 पैकेट फुलझड़ी समेत विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी शामिल थी। दुकानदार बिना लाइसेंस के आतिशबाजी का अवैध भंडारण व बिक्री कर रहा था।
पकड़े गए मॉल को जब्त कर आरोपी किराना व्यापारी सौरभ उर्फ शीटू गुप्ता निवासी गुनारा मोड़ के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 व 9 बी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।