शहर की बृज बिहार कॉलोनी निवासी दंपति के खिलाफ फर्रुखाबाद की महिला ने कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना सदर बाजार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फर्रुखाबाद के थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव बैरमपुर निवासी सीता मिश्रा पत्नी अजय कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा हैै कि उन्होंने बृज बिहार कॉलोनी निवासी वासुदेव वर्मा से अंटा रोड से करीब सौ मीटर दूरी पर स्थित आवासीय भूखंड का बैनामा नौ अप्रैल 2013 को छह लाख साठ हजार रुपये में कराया था। बैनामा के समय उसने एक लाख साठ हजार नगद और शेष राशि देने के लिए जमानत के तौर पर वासुदेव की पत्नी कल्याणी देवी के नाम पचास-पचास हजार के नौ और एक तीस हजार रुपये का चेक काट कर दिया। एक साल की तय सीमा के अंदर उन्होंने चार लाख रुपये नकद देकर आठ चेक वापस ले लिए। समय सीमा में अस्सी हजार रुपये भी दे दिए लेकिन वासुदेव ने चेक वापस नहीं किया। इसी दौरान पता चला कि वासुदेव ने जिस भूखंड का बैनामा कराया है उसका कुछ हिस्सा रेलवे का है। नौ नवंबर को उसने चेक वापस मांगा तो वासुदेव ने देने से मना कर दिया और गालियां देेते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि उसने मामले की तहरीर थाना पुलिस को दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। तब उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सदर बाजार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।