शाहजहांपुर। गांव बेहटा निवासी 24 वर्षीय कौशल उर्फ मंगल बाबू की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने पिता सत्यपाल की तहरीर पर चाचा-भतीजे पर एफआईआर दर्ज कर ली गई। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है, लेकिन पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। बुधवार को मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।
सत्यपाल ने सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि उनका बड़ा बेटा कौशल उर्फ मंगलबाबू टिकरी के एक ईंट-भट्ठे पर काम करता था। सोमवार सुबह गांव का संतोष उसके बेटे को घर से बुलाकर अपने साथ घूमाने-फिराने की बात कहकर ले गया था। परिवार के सदस्यों ने भी बेटे को संतोष के साथ जाते देखा था। इसके बाद शाम करीब 7:15 बजे भतीजे सत्यवीर ने शराब के ठेके के पास कौशल व संतोष को साथ-साथ देखा। उस समय संतोष के हाथ में डंडा भी था।
करीब 8:15 बजे गांव के कुछ लोगों ने बताया कि कौशल गांव के मनीलाल के खेत के पास चक रोड पर मरणासन्न हालत में लहूलुहान पड़ा है। तुरंत परिवार के लोगों के साथ वे मौके पर गए तो देखा कि बेटे कौशल के गले, छाती व शरीर के अन्य जगहों पर चाकू से कई वार किए गए गए थे। पास में ही संतोष की साइकिल पड़ी थी। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। 108 एंबुलेंस को फोन किया। इसके बाद बेटे को एंबुलेंस से लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सत्यपाल ने बताया कि बेटे कौशल की हत्या संतोष कुमार ने की है। इसमें उसके चाचा पुत्तू की भी भूमिका हो सकती है।
-
हत्याकांड में दो से ज्यादा लोगों के शामिल होने का शक
-परिवार के लोगों ने बताया कि कौशल मजबूत बदन का था। उसे मारना किसी एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। कौशल की हत्या में कई और लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने हर पहलू पर अपनी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार को दिनभर एक टीम गांव में ही रही।
खूब मीट खाया गया... शराब दी गई
- परिजनों ने बताया कि आरोपी संतोष कहीं बाहर रहकर कुछ काम रहता था। आरोपियों ने दो-तीन दिन पहले ही उन्हें धमकी दी थी। इसके बाद सुबह से ही आरोपी मीट खा रहे थे। कई लोगों को शराब भी पिलाई जा रही थी।
बिन बुलाए दावत में गया था भाई, कौशल ने लगाई थी डांट
- परिजनों ने बताया कि 15 दिन पूर्व कौशल का छोटा भाई सूरज गांव में ही एक दावत में बिना बुलाए पहुंच गया था। जानकारी होने पर कौशल ने उसको डांट दिया था। इस बीच कौशल का संतोष से विवाद हो गया था, तब संतोष ने कौशल को धरती में समां देने की धमकी दी थी। इसके बाद से संतोष मौके की तलाश में था।
-
नहीं थम रहे पिता की आंख के आंसू
-बेटे कौशल की मौत से आहत सत्यपाल की आंख से आंसू रुक नहीं रहे थे। पोस्टमॉर्टम हाउस पर परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला। साथ ही सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने भी उन्हें दिलासा दी। कहा कि उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।
मृतक कौशल उर्फ मंगल बाबू का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन