रिंकू की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार सुबह सड़क पर बैठे परिजन। स्रोत: जाग
शाहजहांपुर। बाइक मिस्त्री रिंकू की मौत के मामले में मंगलवार सुबह उसके परिजन नामजद आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर घर के सामने सड़क पर बैठ गए। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए किसी तरह जाम खुलवाया।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई निवासी 38 वर्षीय रिंकू ने शनिवार को आधी रात के बाद किसी समय दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी थी। आत्महत्या करने से पूर्व रिंकू ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर रेस्ट इन पीस लिखा था। सोमवार सुबह जानकारी होने पर उसके परिवार में कोहराम मच गया।
रिंकू की पत्नी पूनम ने अपने पति की महिला मित्र समेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पूनम ने बताया कि लखनऊ की रहने वाली एक युवती ने पति को प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद उन्हें ब्लैकमेल करने लगी। यहां के चार लोग उसका साथ दे रहे थे। पुलिस इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। संवाद