पुवायां। इटली भेजने के नाम पर दो लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर पिता-पुत्र पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव महमूदपुर सैंजनिया के ऐकम सिंह ने अनुसार, दो मार्च 2023 को उनकी मुलाकात लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव झखरा निवासी गुरवेज सिंह से हुई थी। गुरवेज सिंह ने इटली में लाखों की नौकरी दिलाने की बात कही। विश्वास कर उन्होंने 22 मार्च 2023 को एक लाख रुपये नकद और एक लाख रुपये अपने मिलने वाले पुवायां के ब्रजकिशोर के बैंक एकाउंट से गुरवाज के पुत्र गुरसेवक सिंह के बैंक एकाउंट में ट्रांसफर कराए थे।
40 दिन बाद उन्होंने वीजा मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगे। विदेश भेजने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की गई है। गुरवाज सिंह विदेश से घर आए तो वह रुपये मांगने गए। इस पर गुरवाज सिंह और गुरसेवक सिंह ने रुपये मांगने पर झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी दी है।
पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर उन्होंने अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया, लेकिन इसके बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद