तिलहर। किसान सहकारी चीनी मिल में मंगलवार को धरना-प्रदर्शन और कार्य बहिष्कार को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए। चीनी मिल प्रबंधन की ओर से कैजुअल कर्मचारियों पर अनुशासनहीनता और मिल संचालन में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने दो कैजुअल कर्मचारियों का शांतिभंग में चालान किया है।
चीनी मिल के जीएम शैलेंद्र अस्थाना ने मंगलवार को 10 कैजुअल कर्मचारियों के विरुद्ध अवैध रूप से धरना-प्रदर्शन, कार्य में बाधा डालने और अनुशासनहीनता को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी। मंगलवार देर रात चीनी मिल परिसर से कैजुअल कर्मचारी अभिषेक और आलोक को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया गया।
मामले में संजय, प्रदीप, आलोक, सचिन, निर्भान सिंह, दुर्गेश कुमार, मनोज प्रजापति, आशुतोष मौर्या, अनुराग, अभिषेक सहित 10 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। कैजुअल कर्मचारी पुरुषोत्तम, प्रेमराज और अजय पाल ने चीनी मिल अधिकारियों पर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
सीओ ज्योति यादव, प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल के साथ बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे चीनी मिल पहुंचीं और कर्मचारियों से वार्ता की। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि दो आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।