अटेवा पेंशन बचाओ मंच के तत्वावधान में पुरानी पेंशन योजना बहाल किए जाने की मांग को लेकर वाहन रैली निकाली गई। इसके बाद कलक्ट्रेट पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को दिया गया।
जिला संयोजक गौरव शुक्ला के नेतृत्व में काफी तादाद में शिक्षक और कर्मचारी नगर पालिका परिसर में एकत्र हुए। वहां से उन्होंने सरकारी शिक्षकों और कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर मोटरसाइकिल रैली निकाली। यह रैली सदर बाजार, खिरनीबाग आदि क्षेत्रों से होते हुए कलक्ट्रेट परिसर पहुंची। यहां जिला संयोजक श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना बंद कर देने से नौ लाख से अधिक कर्मचारियाें और शिक्षकों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है, जिससे सभी में नाराजगी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वह कर्मचारियों और शिक्षकों के हित को देखते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाल करें। मोटरसाइकिल रैली में स्वदेश अग्रवाल, शिव कुमार, छबिनाथ सिंह, जितेंद्र वर्मा, ललित यादव, धर्मवीर सिंह, नवनीत, हरिकिशोर, गुलाम ख्वाजा, अफजाल खां, अतुल शुक्ला, सुरेश कुमार, व्यास मुनि, विचित्र अग्निहोत्री आदि शामिल रहे।