खाटू श्याम के भक्तों ने फागुन की एकादशी पर परंपरागत शोभायात्रा निकालकर श्याम बाबा का गुणगान किया। इस अवसर पर महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने फूलों की होली के साथ एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर जमकर नृत्य किया।
श्याम बाबा के दरबार के साथ बाबा बनखंडीनाथ मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह करीब आठ बजे हुआ। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष यात्रा में शामिल हुए। सबसे आगे युवा केसरिया झंडे लहराते हुए चल रहे थे, वहीं दरबार के समक्ष भजन-कीर्तन पर झूमते-नाचते भक्त फूलों की होली खेल रहे थे। इस बीच अबीर-गुलाल से भी होली खेली गई। शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए प्रताप इंक्लेव स्थित खाटू श्याम मंदिर पर संपन्न हुई। रास्ते में शोभायात्रा का स्वागत पुष्पवर्षा से किया गया।
आयोजन में कैलाश नारायण अग्रवाल, रामचंद्र सिंघल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, धीरू खन्ना, मनीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, कुंज बिहारी, राधारमन, नीतू अग्रवाल, पूजा, एकता, रीता, सुमन, मिलि, ऊषा, शालिनी, प्रियंका आदि का योगदान रहा।