रिलायंस टाउनशिप में दशमी अर्थात 23 अक्तूबर को मां दुर्गा पूजा की धूम रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच देवी मंडप में विराजमान मां भगवती, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, श्री गणेश जी, कुमार कार्तिकेय जी महाराज की दिव्य प्रतिमाओं को धूूमधाम से विसर्जित किया गया। मां दुर्गा की जय-जयकार के साथ श्रद्धालुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। अंत में रावण के पुतले का दहन किया गया।
श्री दुर्गोत्सव के अंतिम दिन डीजे नाइट और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना, डीएम शुभ्रा सक्सेना, एसपी बबलू कुमार आदि अधिकारियों ने परियोजना के निदेशक एमके परमेश्वरन, हेमा परमेश्वरन अध्यक्ष हृदय तोमर, सचिव निरंजन जेना, उपाध्यक्ष सुवेंदु डे आदि के साथ संध्या आरती की और रावण दहन देखा तथा सभी को विजयदशमी पर्व पर बधाई दी। समारोह में अतिथियों ने रंगारंग कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा श्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को पुरस्कृत भी किया।